फर्रुखाबाद। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने थाना मऊदरवाजा का औचक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में स्थित सीसीटीएनएस कार्यालय, विवेचना कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, भोजनालय एवं शस्त्रागार का निरीक्षण किया। इसके साथ ही थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित पुलिसकर्मियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मऊदरवाजा थाने का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


