ईओ प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को भी दी चेतावनी
फर्रुखाबाद। नवाबगंज तिराहे पर नगर पंचायत द्वारा स्थापित सार्वजनिक फ्रीजर को अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आ गया और अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार तिराहे पर स्थापित फ्रीजर का स्टार्टर किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया, जिससे उसका संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना की जानकारी सफाई कर्मी द्वारा नगर पंचायत प्रशासन को दी गई। शिकायत मिलते ही ईओ प्रमोद कुमार कार्यालय सहायक अम्बुज भारद्वाज के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त उपकरण का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फ्रीजर के स्टार्टर को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया है। इस पर नाराजगी जताते हुए ईओ प्रमोद कुमार ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है। नगर पंचायत जनता की सुविधा के लिए संसाधन उपलब्ध कराती है, ऐसे में सार्वजनिक संपत्तियों को क्षति पहुंचाना सीधे तौर पर जनहित के खिलाफ है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर निरीक्षण के दौरान ईओ ने नवाबगंज तिराहे पर सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण का भी संज्ञान लिया। उन्होंने दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानें सड़क से पीछे लगाएं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि अथवा सार्वजनिक सुविधाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


