28 C
Lucknow
Thursday, August 6, 2026

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कब्जा मुक्त कराई गई भूमि

Must read

अमैयापुर में वर्षों पुराने भूमि विवाद का हुआ निस्तारण, शिकायतकर्ता को मिली राहत

अमृतपुर, फर्रुखाबाद। तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम अमैयापुर में भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का आखिरकार प्रशासन ने निस्तारण कर दिया। मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को भेजी गई शिकायत के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अमैयापुर स्थित गाटा संख्या 223, रकबा 0.166 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में खातेदार नरेंद्र पाल सिंह पुत्र रामपाल सिंह के नाम दर्ज है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके लंबे समय तक गांव से बाहर रहने का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया था तथा वहां अस्थायी एवं स्थायी निर्माण के साथ अन्य सामान रखकर स्वामित्व जताने का प्रयास किया जा रहा था।

बताया गया कि वर्ष 2025 में राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश कराई गई थी और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी शुरू हुई थी, लेकिन कार्रवाई पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई। पुनः पैमाइश के बावजूद कब्जा न हटने पर मामला मुख्यमंत्री कार्यालय सहित जिले के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर से कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। निर्देशों के क्रम में नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार राजस्व टीम और अमृतपुर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया तथा कथित अवैध कब्जे को हटवाते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया।
कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने बताया कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार भूमि पर किए गए अस्थायी अवैध कब्जे को हटवा दिया गया है और भूमि की स्थिति अभिलेखों के अनुरूप सुनिश्चित कर दी गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शिकायतकर्ता को बड़ी राहत मिली है। वहीं ग्रामीणों ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। क्षेत्र में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article