नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज में सोमवार को एसीएमओ डॉ. सर्वेश यादव ने स्टाफ नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को U-WIN पोर्टल के संचालन का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और छह वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण को पूरी तरह डिजिटल एवं पारदर्शी बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि U-WIN पोर्टल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और छह वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहेगा। इससे लाभार्थियों का पूरा टीकाकरण इतिहास एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा, जिससे भविष्य में रिकॉर्ड ढूंढने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण के बाद लाभार्थियों को QR कोड युक्त डिजिटल टीकाकरण प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक निर्धारित टीकाकरण से पहले अभिभावकों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी, जिससे कोई भी टीका छूटने की संभावना कम हो जाएगी।
एसीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को U-WIN पोर्टल पर लाभार्थियों का पंजीकरण, आवश्यक विवरण दर्ज करने, टीकाकरण की प्रविष्टि करने तथा ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) आईडी बनाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से पोर्टल का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. गौरव राजपूत, फार्मासिस्ट राजीव कुमार सहित स्टाफ नर्सें, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पोर्टल के संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर अपने प्रश्नों का समाधान भी किया।


