फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ क्षेत्र में एक महिला ने कुछ लोगों पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने, घर में घुसकर अभद्रता करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार दहशत में बताया जा रहा है।
भोलेपुर निवासी निर्मला देवी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ समय पूर्व उनके पुत्र सचिन और बहू के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि उसी मुकदमे में समझौता कराने को लेकर विपक्षी पक्ष लगातार उन पर दबाव बना रहा है।
पीड़िता का कहना है कि कई बार उनका पुत्र सचिन जब बाजार जाता है तो रास्ते में रोककर धमकाया जाता है। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोग मुकदमा वापस लेने और समझौता करने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं।
महिला के अनुसार बीती शाम हरिओम, रजनेश, रिशू पुत्र लालबहादुर, लालबहादुर पुत्र छेदालाल तथा उनके साथ आए कुछ अन्य युवक गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर सचिन को जबरन घर से बाहर खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचा निकाल लिया जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन वह शिकायत करने पुलिस के पास जा रही थीं, तभी रास्ते में फिर वही लोग मिल गए, जिससे भयभीत होकर वह वापस लौट आईं।
महिला ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुकदमे में दबाव बनाने का आरोप, महिला ने दबंगों पर घर में घुसकर धमकाने का लगाया आरोप


