ट्रैक्टर की टक्कर से सितारा बेगम की मौत, ग्रामीणों ने वाहन पकड़ा, चालक फरार

0
104

फर्रुखाबाद| कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कंपिल रोड पर तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें गांव रायपुर की रहने वाली सितारा बेगम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका के बेटे मोहम्मद फरीद की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना नुंनवारा पुलिया के पास हुई। मोहम्मद फरीद ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका भाई सन्नू अपनी मां सितारा बेगम को बाइक पर बैठाकर कंपिल की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आया एक अज्ञात ट्रैक्टर उनकी बाइक में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सितारा बेगम सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और ट्रैक्टर चालक के भागने की कोशिश के बावजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को घटनास्थल से कुछ दूरी पर पकड़ लिया। शिकायत में ट्रैक्टर का नंबर UP 76 AM 1681 और कंपनी सोनालिका बताया गया है। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही कायमगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विवेचक वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कंपिल रोड पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here