ई रिक्शा चालक सहित अन्य सांवरिया घायल
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दादी, बड़ा भाई और ई-रिक्शा चालक समेत अन्य सवारियां घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के साहबगंज नारायण दास निवासी पूजा पत्नी अभिजीत तिवारी अपने तीन वर्षीय पुत्र तेजांश, 13 वर्षीय पुत्र चेतन और तेजांश की दादी रीता के साथ आवास विकास स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से अपने घर वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ई-रिक्शा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में तीन वर्षीय तेजांश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में पूजा, उनकी सास रीता, बड़ा पुत्र चेतन तथा ई-रिक्शा चालक सोनू समेत अन्य सवारियां भी घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा टक्कर मारने वाली कार की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताया जा रहा है।





