29 C
Lucknow
Wednesday, April 22, 2026

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर एबीवीपी का भव्य आयोजन, सामूहिक गान से गूंजा सभागार

Must read

 

शाहजहांपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) महानगर इकाई द्वारा वंदे मातरम् गीत के 150 गौरवमयी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में संगोष्ठी एवं सामूहिक गान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक सुर में वंदे मातरम् का उद्घोष कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर अर्चना वर्मा, मुख्य वक्ता प्रांत सह-मंत्री पायल गिहार, विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, महानगर अध्यक्ष डॉ. रानू दुबे और महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव ने मां शारदे एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह मंत्र है जिसने सोए हुए राष्ट्र को जागृत किया। 150 वर्ष पूर्ण होने पर यह गर्व का विषय है कि युवा पीढ़ी इस गौरवशाली विरासत को सहेज रही है। मुख्य वक्ता पायल गिहार ने कहा कि बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित यह गीत उस दौर की हुंकार था, जब देश दासता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था। ‘आनंदमठ’ से निकला यह उद्घोष आज भी हमारी सांस्कृतिक जड़ों और अखंड भारत के संकल्प की याद दिलाता है। महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि एबीवीपी हमेशा से छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने के लिए कार्यरत है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष का यह आयोजन उन क्रांतिकारियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने इस गीत को गाते हुए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। इस दौरान सभागार ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, जिला संगठन मंत्री संदीप सागर, जिला एसएफडी संयोजक वैभव सक्सेना, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, वैभव खन्ना, जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह, महानगर सह मंत्री करन सिंह, अक्षय सक्सेना, सौम्या गुप्ता, जय मौर्य, आशुतोष मिश्रा, अभिषेक, अंकित, सक्षम, दिव्यांशु सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article