नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा है कि वह 6 जून को भारत लौटकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।
अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों और युवाओं से दिल्ली में उनके साथ जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा संबंधी विवादों, पेपर लीक और मूल्यांकन से जुड़े मुद्दों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, जिसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
दीपके के अनुसार वह 6 जून को दिल्ली पहुंचने के बाद समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने युवाओं से संविधान के दायरे में रहकर अपनी आवाज उठाने की अपील की है।
कॉकरोच जनता पार्टी बीते कुछ समय में युवाओं के बीच एक चर्चित डिजिटल अभियान के रूप में उभरी है। बेरोजगारी, परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर इस मंच को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिला है। कई रिपोर्टों में बताया गया है कि यह अभियान बड़ी संख्या में युवाओं को ऑनलाइन जोड़ने में सफल रहा है।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी डिजिटल आंदोलन की वास्तविक परीक्षा तब होती है जब वह सोशल मीडिया से निकलकर जमीन पर प्रभाव पैदा करे। ऐसे में 6 जून का प्रस्तावित प्रदर्शन CJP के लिए भी एक बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
देश में प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, रिजल्ट विवाद और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पहले से ही युवाओं में असंतोष दिखाई दे रहा है। ऐसे माहौल में अभिजीत दीपके का यह आंदोलन केवल एक व्यक्ति का विरोध कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर बढ़ रही बेचैनी को राजनीतिक अभिव्यक्ति देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।


