रामपुर। गंज कोतवाली क्षेत्र स्थित बगी गांव में संचालित तीन बड़ी प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर केंद्रीय जांच एजेंसी के रूप में आयकर विभाग की टीम द्वारा शुरू किया गया सर्वे 24 घंटे बाद भी जारी है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे दिल्ली से आई टीमों ने एनजी प्लाईवुड एंड विनियर, एमआई इंडस्ट्रीज और एमएन इंडस्ट्रीज में एक साथ कार्रवाई शुरू की थी, जो शुक्रवार पूर्वाह्न तक चलती रही।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया है। फैक्ट्रियों के मुख्य द्वार पर सुरक्षा घेरा बना हुआ है और बिना अनुमति किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जांच टीमें वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, जीएसटी विवरण, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि लकड़ी कारोबार से जुड़े बड़े व्यापारी नईम उर्फ बब्लू और उनके पार्टनर मुनन खां इन इकाइयों का संचालन करते हैं। एमएन और एमआई इंडस्ट्रीज एक ही परिसर में स्थित हैं, जबकि एनजी प्लाईवुड एंड विनियर भी बगी गांव में ही संचालित है। सर्वे शुरू होने के बाद से संबंधित कारोबारियों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं, जिससे बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
स्थानीय व्यापार मंडल के कुछ पदाधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी कार्रवाई से लकड़ी मंडी में लेनदेन प्रभावित हुआ है और कारोबारी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं आयकर विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि नईम उर्फ बब्लू का पारिवारिक संबंध एसटी हसन से भी जुड़ा बताया जाता है। जानकारी के अनुसार बब्लू के पुत्र का विवाह पूर्व सांसद की पुत्री से हुआ है। साथ ही कारोबारी साझेदार मुनन खां के परिवार से भी उनका वैवाहिक संबंध है। हालांकि जांच एजेंसी ने अब तक किसी भी राजनीतिक कड़ी पर टिप्पणी नहीं की है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तीनों फैक्ट्रियों में दस्तावेजों की गहन जांच जारी है और आयकर विभाग की टीमें देर रात तक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी रहीं। जिले में इस कार्रवाई को लेकर दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here