मेरठ/लखनऊ। संजय सिंह ने शनिवार को मेरठ से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण की शुरुआत करते हुए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क से शुरू हुई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा कर सांसद संजय सिंह का स्वागत किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। आम आदमी पार्टी की यह यात्रा 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक निकाली जा रही है। इस दौरान आयोजित जनसभा में संजय सिंह ने बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई, सामाजिक न्याय और छोटे व्यापारियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट सहित अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब चार करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि परिवारों को जोड़ लिया जाए तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं, बेरोजगारों, ठेला-रेहड़ी कारोबारियों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों की आवाज है। संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। संजय सिंह ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये वसूले हैं, जबकि तेल कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत नहीं दी गई।
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज भी दलितों और पिछड़े वर्गों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि हर नागरिक को समान सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और सोना खरीदने को लेकर दिए गए बयान पर भी संजय सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी महंगाई से जूझ रहा है और करोड़ों लोग राशन पर निर्भर हैं, तब सरकार को जनता को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी स्कूल बंद हुए, स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर हुई और महंगाई चरम पर पहुंच गई। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की राजनीति करती है, जबकि देश में नफरत और विभाजन की राजनीति बढ़ाई जा रही है।
पदयात्रा के पहले दिन कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी, बच्चा पार्क, खैरनगर, घंटाघर, डीएन कॉलेज और मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास गणपति भवन तक यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के कई विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


