फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में शनिवार को एक दुखद हादसा हो गया, जब गंगा नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटरा बक्शी निवासी 23 वर्षीय बिलाल पुत्र चांदमिया अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए कटरी धर्मपुर स्थित पंखियों की मढ़ैया घाट गया था। उसके साथ फिरोज, इरफान, ताजमिया और ताजमहल भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान बिलाल अचानक गहरे पानी की ओर चला गया, जहां वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा।
कुछ समय तक जब बिलाल दिखाई नहीं दिया तो उसके साथियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल नदी में खोजबीन शुरू की। गांव के सलमान पुत्र मीर मोहम्मद और नौशाद पुत्र नींबू समेत अन्य लोगों ने काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मऊदरवाजा पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गंगा में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम


