31 C
Lucknow
Monday, September 14, 2026

नन्हे हाथों से हुआ वाटर कूलर का लोकार्पण, बच्चों के बीच पहुंचे सदर विधायक

Must read

– विधायक निधि से डीएसबीडी पब्लिक स्कूल को मिला वाटर कूलर
– केजी-1 के अयान और कक्षा-1 की विधि ने किया लोकार्पण

फर्रुखाबाद। पांचालघाट स्थित डीएसबीडी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए वाटर कूलर का लोकार्पण सोमवार को अनूठे अंदाज में हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक ने स्वयं लोकार्पण करने के बजाय विद्यालय के केजी-1 के नन्हे छात्र अयान और कक्षा-1 की छात्रा विधि के करकमलों से वाटर कूलर का लोकार्पण कराया। विधायक की इस पहल से कार्यक्रम में मौजूद बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय में उत्साह का माहौल बन गया।
वाटर कूलर उपलब्ध होने से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब ठंडा एवं फिल्टर्ड पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर मेला श्री रामनगरिया के पूर्व व्यवस्थापक संदीप दीक्षित स्वागताध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे।
संस्था के प्रबंधक महेश पाल सिंह ‘उपकारी’ ने सदर विधायक का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने सदैव महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। उन्होंने विधायक निधि से विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी जिज्ञासा को हमेशा जीवित रखें और शिक्षकों से प्रश्न पूछने में कभी संकोच न करें। शिक्षा केवल अच्छे अंक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग है। उन्होंने बच्चों को माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करते हुए निरंतर आगे बढ़ने तथा विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षक शिवम दीक्षित ने मुख्य अतिथि को विज्ञान भारती संस्था की पुस्तिका भेंट कर संस्था के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य विभोर सोमवंशी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन युवा साहित्यकार वैभव सोमवंशी ‘सुभग’ ने किया।

कार्यक्रम में मैनेजिंग डायरेक्टर हरिभान सिंह गहरवार, संरक्षक अमर पाल सिंह, उप प्रधानाचार्या आकृति मिश्रा, आरव सोमवंशी सहित शिक्षक विशाल मिश्रा, हर्ष, राखी, सोनम, अमित बोस, संध्या, हिमांशी एवं रूबी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article