30 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

सिराथू रेलवे स्टेशन पर युवक की मौत, ट्रेन के आगे लेटने से गई जान

Must read

कौशांबी के सिराथू रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन के सामने पटरियों पर लेटकर अपनी जान दे दी। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। लोगों के अनुसार युवक काफी देर से स्टेशन पर इधर-उधर टहल रहा था। इसी दौरान कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म के पास पहुंची, युवक अचानक पटरियों पर लेट गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेन कुछ दूरी पर जाकर रोक दी गई। लोको पायलट ने तत्काल खंभा संख्या नोट कर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद स्टेशन प्रशासन ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को जानकारी देकर मौके पर बुलाया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम रेलवे कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पटरियों से हटवाकर किनारे कराया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस में मृतक की जेब से मिली एक पर्ची के आधार पर पुलिस ने संपर्क किया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक की पहचान रामदास (35) पुत्र ननका, निवासी बक्सापार, थाना मंझनपुर के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार रामदास शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article