कासगंज। जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के कादरगंज गंगा पुल पर तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार एक परिवार को कुचल दिया, जिससे पति-पत्नी और उनके डेढ़ साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान पटियाली क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी सोमवीर (30), उनकी पत्नी अमिता (27) और बेटे शिवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार बदायूं जिले के रजलामऊ गांव स्थित ननिहाल में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। शाम करीब चार बजे जैसे ही वे कादरगंज पुल पर पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली भेजा, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार और कोतवाली प्रभारी अजयवीर सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। प्रशासन ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस कैंटर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कादरगंज पुल पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।


