34.6 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

फरीदाबाद में चलती ऑडी कार में लगी अचानक आग, ट्रैफिक पुलिस की सूझबूझ से बची चालक की जान

Must read

फरीदाबाद: फरीदाबाद (Faridabad) में बीपीटीपी लाल बत्ती के पास देर शाम एक चलती ऑडी कार (Audi car) में अचानक आग लग गई। आग लगते ही सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाई। पुलिस की सूझबूझ के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कार चालक सुरक्षित बच गया।

बीपीटीपी लाल बत्ती चौक पर बने ट्रैफिक बूथ पर तैनात सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सेक्टर-15 की तरफ से एक युवक अपनी ऑडी कार लेकर वर्ल्ड स्ट्रीट की ओर जा रहा था। जब उसकी कार लाल बत्ती पर रुकी, तभी वहां तैनात एक ट्रैफिक कर्मी की नजर कार के बोनट पर पड़ी। उसने इंजन की तरफ से हल्का धुआं निकलते हुए देख लिया था। जैसे ही सिग्नल ग्रीन हुआ, युवक ने कार आगे बढ़ा दी। वह ट्रैफिक बूथ को पार कर आगरा नहर वाले पुल पर पहुंचा ही था कि अचानक इंजन से तेज धुआं और लपटें निकलने लगीं।

खतरा भांपकर चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और छलांग लगाकर बाहर कूद गया। कार से धुआं उठता देख सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार और उनके साथी पुलिसकर्मी बाल्टियां लेकर दौड़ पड़े। ट्रैफिक बूथ में रखा पानी कार पर डाला गया, लेकिन आग अंदर होने के कारण लपटें और तेज होने लगीं।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रास्ते से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों से अग्निशामक सिलेंडर (फायर एक्स्टिंग्विशर) मांगे। दो-तीन सिलेंडरों की मदद से गैस का छिड़काव किया गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, इस घटना में महंगी ऑडी कार का अगला हिस्सा काफी हद तक जलकर खाक हो गया।

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी थी। हादसा टलने के बाद कार मालिक ने क्रेन बुलाई और अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को मौके से हटवाया। ट्रैफिक पुलिस की इस मुस्तैदी की हर तरफ तारीफ हो रही है, जिनकी सतर्कता से बीच सड़क पर एक बड़ा धमाका होने से बच गया।

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article