प्रतिभाओं का हुआ सम्मान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता सभी का दिल
जलालाबाद नगर के पीएम प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी भाजपा नेता मनमोहन द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी उपस्थित रहीं।
विद्यालय परिवार की ओर से इंचार्ज प्रधानाध्यापक लक्ष्मीकांत द्विवेदी, आकांक्षा शुक्ला, मंजू लता द्विवेदी, जितेंद्र कुमार, हिमांशु पांडेय, इंदू अग्निहोत्री सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। इसके साथ ही वार्ड के सभासद, एसएमसी अध्यक्ष, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रत्येक कक्षा में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों ने वहां उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से भर दिया।
मुख्य अतिथि मनमोहन द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यालय ही वह स्थान है जहां से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।”
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “सरकारी विद्यालयों में लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारों के माध्यम से बच्चों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।”
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन अरुण अग्निहोत्री ने किया।


