23 C
Lucknow
Friday, April 10, 2026

संभल में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 3.18 लाख नाम हटे, प्रशासन ने जारी किए आंकड़े

Must read

 

 

 

 

 

संभल जिला कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया, जिसमें सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। यह प्रक्रिया विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR 2026) कार्यक्रम के तहत 01 जनवरी 2026 की स्थिति को आधार मानकर पूरी की गई।

 

जिले में जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार कुल 3,18,701 नाम हटाए गए हैं, जिसके बाद कुल मतदाताओं की संख्या 13,43,051 दर्ज की गई है। प्रशासन ने यह सूची राजनीतिक दलों को निःशुल्क हार्ड और सॉफ्ट कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई।

 

विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 99,093 वोट चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से हटाए गए, जो प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी का क्षेत्र है। इसके अलावा गुन्नौर में 95,311, संभल में 73,926 और असमोली विधानसभा क्षेत्र में 50,371 नाम सूची से हटाए गए हैं।

 

जिला प्रशासन के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को जिले में कुल मतदाता 15,70,306 थे, जबकि 06 जनवरी 2026 के ड्राफ्ट रोल में यह संख्या घटकर 12,51,705 रह गई थी। अंतिम प्रकाशन के बाद यह संख्या बढ़कर 13,43,051 हो गई है, जिससे मतदाता सूची में पुनर्संतुलन देखा गया है।

 

ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो में भी बदलाव दर्ज किया गया है। ड्राफ्ट रोल में ईपी रेशियो 45.65 था, जो बढ़कर 48.98 हो गया, जबकि जेंडर रेशियो 806 से बढ़कर 820 तक पहुंच गया। प्रशासन ने इसे सूची की अधिक शुद्धता की दिशा में उठाया गया कदम बताया है।

 

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी मतदाता सूची का सतत पुनरीक्षण जारी रहेगा। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से या फॉर्म 6, 7 और 8 के जरिए नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस मौके पर कई प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article