मऊ| घोसी कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जामडीह के पास करीब रात 11 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें सवार तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतकों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी बेचन यादव (30), प्रमोद यादव (28) और आजाद यादव (32) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक घोसी स्थित एक निजी अस्पताल में अपने दोस्त के लिए खाना पहुंचाने गए थे, जहां उसके घर में बच्चे का जन्म हुआ था। भोजन पहुंचाने के बाद वे एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जब तीनों जामडीह के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक समेत लगभग 20 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी प्रमेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे बीबीपुर में मातम पसर गया। एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


