आगरा में 24.159 करोड़ से बाह तहसील के पिनाहट के ग्राम राटौटी में बनेगा ‘मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय’
‘मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय’ में एक ही छत के नीचे मिलेगी प्री- प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा
आगरा, 09 अप्रैलः योगी सरकार प्रदेश में बुनियादी शिक्षा की तस्वीर बदलने और उसे आधुनिक रूप देने के लिए निरंतर बड़े कदम उठा रही है। इसी दिशा में आगरा की बाह तहसील के अंतर्गत आने वाले पिनाहट ब्लॉक के ग्राम राटौटी को एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। यहां 24.159 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक ‘मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय’ का निर्माण किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में योगी सरकार की दूरदर्शी पहल
उत्तर प्रदेश के हर कोने तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए योगी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी कॉन्वेंट और निजी स्कूलों जैसी आधुनिक शिक्षा मिल सके, इसके लिए ‘मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय’ योजना पर तेजी से काम हो रहा है। ग्राम राटौटी में इस विद्यालय की स्वीकृति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है।
प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही छत के नीचे
इस मॉडल विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता इसका समग्र स्वरूप है। यहां प्री- प्राइमरी (बचपन की शुरुआती शिक्षा) से लेकर इंटरमीडिएट (कक्षा 12) तक की पढ़ाई एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को प्राथमिक और उच्च शिक्षा के लिए अलग- अलग स्कूलों या शहरों में भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। विद्यार्थी अपने गांव के ही सुरक्षित और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण में अपना स्कूली सफर पूरा कर सकेंगे।
24.159 करोड़ से विकसित होंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि 24.159 करोड़ रुपये से बनने वाला यह विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें डिजिटल- स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक विज्ञान-कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, ई-लाइब्रेरी और खेलकूद के लिए शानदार मैदान विकसित किए जाएंगे। साफ- सफाई और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतों का भी इसमें विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
बाह और पिनाहट क्षेत्र के लिए विकास की नई किरण
बाह तहसील का पिनाहट क्षेत्र अक्सर बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करता रहा है, लेकिन ग्राम राटौटी के लिए यह परियोजना वरदान से कम नहीं है। इस विद्यालय के निर्माण से न केवल राटौटी, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों बच्चों के भविष्य को नई दिशा मिलेगी। योगी सरकार का यह ऐतिहासिक कदम साबित करता है कि नए उत्तर प्रदेश में विकास की रोशनी अब सीधे गांवों तक पहुंच रही है।


