मिर्जापुर
रत्नाकर मिश्रा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। मामला मिर्जापुर जिले के गोबरहां क्षेत्र का है, जहां वे नमामि गंगे परियोजना के तहत हर घर नल योजना की शिकायतों की जांच करने पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में नलों से पानी नहीं आ रहा है, जबकि संबंधित अधिकारी लगातार पानी आपूर्ति होने का दावा कर रहे थे। मौके पर स्थिति इसके विपरीत मिलने पर विधायक भड़क गए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे लापरवाह अधिकारियों को कमरे में बंद कर डंडे से पीटना चाहिए, जिससे व्यवस्था सुधरे।
विधायक ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 20 अप्रैल तक सभी घरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने एडीएम नमामि गंगे को भी निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाए और कार्य में सुधार लाया जाए।
बाद में विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि उन्हें लगातार जनता से शिकायतें मिल रही थीं और अधिकारी गलत जानकारी दे रहे थे, जिसके कारण उन्हें गुस्सा आ गया। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों के व्यवहार पर एक नई बहस छेड़ दी है।


