कानपुर
चक्रवाती प्रभाव के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गए हैं। पिछले दो दिनों में शहर में 40.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत तो मिली है लेकिन मौसम अस्थिर बना हुआ है।
वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, मंगलवार को दिन में तेज धूप निकलने के बाद रात से मौसम फिर करवट ले सकता है। उन्होंने आंधी, बूंदाबांदी और स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना जताई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम में इस बदलाव के पीछे उत्तर-पश्चिमी हवाओं का रुख और हिमालयी क्षेत्रों से आ रही नमी को मुख्य कारण माना जा रहा है। इससे वातावरण में ठंडक बढ़ी है और बादलों की सक्रियता में भी इजाफा हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर में दिखने लगा है और अगले एक-दो दिनों में इसका प्रभाव कानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। इससे बादलों की आवाजाही और तेज होगी।
इसके अलावा देशभर में कई चक्रवाती हवाओं के घेरे सक्रिय हैं, जिनका प्रभाव उत्तर प्रदेश तक बना हुआ है। आने वाले पांच दिनों तक हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।


