19 C
Lucknow
Wednesday, April 8, 2026

सिटी फॉरेस्ट कांड के मुख्य आरोपी की कानपुर में हत्या, जांच तेज

Must read

 

कानपुर
चकेरी थाना क्षेत्र में साढ़े तीन साल पुराने चर्चित सिटी फॉरेस्ट कांड के मुख्य आरोपी आशीष शर्मा उर्फ कन्हैया शर्मा (42) की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और चकेरी इलाके में किराये के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, दो अप्रैल की देर रात उसके कमरे में ही हत्या की गई। कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली और उसके मुंह से खून निकल रहा था। तीन अप्रैल को मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि वह हमीरपुर के चर्चित मामले का मुख्य आरोपी था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक के साले रामयश की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

मूल रूप से हमीरपुर के गौरादेवी मोहल्ले का निवासी कन्हैया शर्मा 16 अगस्त 2022 को हुए सिटी फॉरेस्ट कांड का मुख्य आरोपी था। इस मामले में एक प्रेमी युगल के साथ मारपीट और युवती के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना सामने आई थी, जिसने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।

इस कांड में पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया था। कन्हैया शर्मा के खिलाफ हमीरपुर सदर कोतवाली में कुल चार मामले दर्ज थे।

पुलिस को आशंका है कि हत्या के तार हमीरपुर से जुड़े हो सकते हैं। मामले की गहन जांच के लिए एक टीम हमीरपुर भेजी गई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article