– नेकपुर खुर्द में केंद्र बंद रहने से बच्चों का भविष्य संकट में
फर्रुखाबाद। सरकार द्वारा बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विकासखंड बढ़पुर के नेकपुर खुर्द में आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है। आरोप है कि केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा और कई बार दिन भर या लगातार कई दिनों तक बंद रहता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आंगनबाड़ी केंद्र अक्सर दोपहर बाद तक नहीं खुलता, जिससे वहां पंजीकृत बच्चों को समय पर पोषाहार नहीं मिल पाता। साथ ही, उन्हें प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ रहा है। इससे न केवल बच्चों के शारीरिक विकास पर असर पड़ रहा है, बल्कि उनके भविष्य पर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते केंद्र की स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे सरकार की योजनाएं कागजों तक सीमित होती नजर आ रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराया जाए, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों और महिलाओं तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचे।
आंगनबाड़ी केंद्रों की लापरवाही पर ग्रामीणों का आक्रोश


