नई दिल्ली : पंजाब नैशनल बैंक ने विक्रेताओं के वित्तीय एक्सेस में वृद्धि हेतु गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर जेम (GeM) सहाय के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मुख्य विक्रेता अधिकारी, श्री अजीत बी. चव्हाण और पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग के महाप्रबंधक, श्री अतिश कुमार राउत ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के अंतर्गत पीएनबी जेम सहाय पोर्टल पर ऋणप्रदाता के रूप में सम्मिलित हो गया है।
जेम सहाय पोर्टल पर पंजाब नैशनल बैंक के ऋणप्रदाता के रूप में सम्मिलित होने से विक्रेताओं को कई लाभ मिलेंगे। इससे उन्हें जेम (Gem)क्रय आदेश पर बिना गारंटी वाले अल्प-कालिक ऋण तक त्वरित पंहुच संभव होगी, जिससे चलनिधि में सुधार होना एवं नकदी प्रवाह संबंधी चुनौतियां भी कम होंगी। यह साझेदारी विशेष रूप में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम और छोटे कारोबार को सशक्त्त बनाती है, जो नियत समय पर और वहनीय औपचारिक ऋण प्राप्ति में समस्याओं का सामना करती हैं। साथ ही, यह डिजिटल, कागजरहित ऋण प्रसंस्करण के माध्यम से पारदर्शिता और दक्षता भी सुनिश्चित करती है।
खरीद को वित्तपोषण के साथ एकीकृत करके, यह पहल कारोबार करने में सुगमता को मजबूत करती है, विक्रेता साझेदारी बढ़ाती है, और एक सहज, समावेशी तथा तकनीक पर आधारित खरीद पारितंत्र को प्रोत्साहित करते हुए भारत के डिजिटल इंडिया विज़न का समर्थन करती है।
इस अवसर पर, पंजाब नैशनल बैंक, डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग के महाप्रबंधक, श्री अतिश कुमार राउत ने कहा: “गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के साथ इस साझेदारी का उद्देश्य डिजिटल इंडिया के विज़न को आगे बढ़ाना है। विक्रेता को निर्बाध वित्तीय सहायता प्रदान करके हम मैनुअल कार्यों में उल्लेखनीय कमी लाने तथा क्रय पारितंत्र में पारदर्शिता, दक्षता और कारोबार करने में सुगमता को सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखते हैं।”


