शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को ‘संभव’ कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसुनवाई दिवस में शहरवासियों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण और कर विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली जनसुनवाई में अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नगर क्षेत्र से कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की संतुष्टि सर्वोपरि है। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता सिविल आशीष त्रिवेदी, लेखाधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


