शाहजहांपुर। जिले के बाराकला कस्बे में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब बदायूं की ओर से आ रही एक अनियंत्रित डीसीएम (ट्रक) सड़क किनारे स्थित मिठाई व पेप्सी की दुकान में जा घुसी। घटना सुबह करीब छह बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर खड़ी बस से सवारियां उतर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम के चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे दुकान में जा घुसा। चालक की सूझबूझ के चलते कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के समय दुकान मालिक सुशील गुप्ता दुकान के बाहर मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि दुकान के सामने कोई व्यक्ति नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। हालांकि, हादसे में दुकान का काउंटर व अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।दुकान मालिक सुशील गुप्ता ने बताया कि वह सुबह करीब छह बजे दुकान खोलकर बैठे थे। अचानक तेज आवाज हुई और देखते ही देखते वाहन दुकान में घुस गया। उन्होंने ईश्वर का शुक्र अदा किया कि कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और डीसीएम को कब्जे में लेकर बाराकला पुलिस चौकी पर खड़ा करवा दिया है।


