संभल
भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी निधि पटेल को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। जिला सलाहकार सरदार गुरु वचन सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में प्रशासनिक भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता जताई गई।
संगठन के जिला अध्यक्ष कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों और आमजन के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार के कारण पात्र लोगों तक इनका लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास योजना, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन जैसी योजनाओं में अनियमितताएं व्याप्त हैं।
युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने क्षेत्रीय समस्याओं को उठाते हुए बताया कि ग्राम चमरौआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों की कमी है, जिससे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं ग्राम रहमापुर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और सफाईकर्मी केवल कागजों में तैनात दिखाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम हिसामपुर में मुख्य मार्ग जर्जर स्थिति में है, जहां जलभराव के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा ग्राम मेहराना में सीसी खड़ंजे का निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
संगठन ने निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली और तहसील स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर भी रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि इन समस्याओं के कारण आम जनता और किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


