फतेहपुर
सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान भाजपा और सपा विधायकों के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
बताया जा रहा है कि यह मामला खागा विधानसभा क्षेत्र के खागा बाईपास से नौबस्ता रोड तक बनने वाली करीब 13 किलोमीटर लंबी सड़क के भूमिपूजन से जुड़ा है। यह सड़क दो विधानसभाओं के बीच पड़ती है, जिसके चलते दोनों क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, खागा से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान और हुसैनगंज से सपा विधायक उषा मौर्य को कार्यक्रम में बुलाया गया था। भूमिपूजन के दौरान भाजपा विधायक पहले से ही पूजा में बैठ गईं, जिसके चलते सपा विधायक को पीछे बैठना पड़ा और यहीं से विवाद शुरू हो गया।
वायरल वीडियो में सपा विधायक उषा मौर्य यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि सड़क उनके विधानसभा क्षेत्र में भी आती है और उन्हें पीडब्ल्यूडी अधिकारियों द्वारा औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया कि क्या उन्हें अपमानित करने के लिए बुलाया गया था।
वहीं भाजपा विधायक कृष्णा पासवान वीडियो में यह कहती हुई सुनाई देती हैं कि यह उनका क्षेत्र है और वही पूजा करेंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव उनके द्वारा ही भेजा गया था।
हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है। अब सभी की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की प्रतिक्रिया पर टिकी है।


