फर्रुखाबाद। डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में सोमवार को उस समय अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई, जब पर्चा काउंटर पर मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही इलाज कराने आए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सर्वर (साइट) ठीक से काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण पर्चा बनाने की प्रक्रिया काफी धीमी हो गई। तकनीकी समस्या के चलते कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
घंटों इंतजार के बाद भी पर्चा न बनने से नाराज मरीजों का गुस्सा फूट पड़ा और कुछ लोगों ने काउंटर पर हंगामा कर दिया। मरीजों का कहना था कि अस्पताल में पहले से ही व्यवस्थाएं कमजोर हैं, ऊपर से सर्वर फेल होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया और मरीजों को समझाकर शांत कराया। बाद में तकनीकी समस्या को ठीक करने के प्रयास तेज किए गए, जिससे धीरे-धीरे व्यवस्था सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में मरीजों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
पर्चा काउंटर पर उमड़ी भीड़, सर्वर ठप होने से मरीज परेशान, हंगामा


