वाराणसी। शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के चौकाघाट के पास एक बंद पड़े पेट्रोल पंप की आड़ में अवैध भंडारण का खुलासा हुआ है, जहां से 250 से अधिक कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी की सूचना पर पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सिलेंडर एकत्रित पाए गए, जिससे पूरे मामले में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध भंडारण के पीछे मिर्जापुर के एक गैस एजेंसी संचालक का हाथ बताया जा रहा है, जिसने वाराणसी में इस तरह का गैरकानूनी स्टॉक तैयार कराया था।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का एक जगह जमा होना कालाबाजारी की ओर इशारा करता है। आशंका है कि इन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
फिलहाल पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे शहर में गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
250 से ज्यादा कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद, कालाबाजारी का बड़ा खुलासा


