बस्ती। जनपद में आयोजित सनातन धर्म संवाद कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई कार्यक्रम के करीब पांच दिन बाद की गई, जिससे मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम जगतगुरु Avimukteshwaranand Saraswati जी महाराज से जुड़ा हुआ था, जिसके आयोजक के रूप में प्रशान्त पाण्डेय की भूमिका बताई जा रही है। पुलिस ने उनके खिलाफ तेज ध्वनि (लाउडस्पीकर) के उपयोग और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
इसके साथ ही कार्यक्रम में दिए गए कुछ भाषणों को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। पुलिस के अनुसार, वक्ताओं द्वारा कथित रूप से वैमनस्य फैलाने वाले भाषण दिए गए, जिसके आधार पर भी कार्रवाई की गई है।
यह मुकदमा कोतवाली थाना प्रभारी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे प्रशासन की सख्ती बता रहे हैं, तो वहीं कुछ इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर भी देख रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और कार्यक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
सनातन धर्म संवाद कार्यक्रम पर कार्रवाई, आयोजक के खिलाफ 5 दिन बाद मुकदमा दर्ज


