फर्रुखाबाद। कश्यप निषाद समाज एवं निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल के संयुक्त तत्वावधान में धर्म पुरुष महर्षि कश्यप एवं निषाद राज जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा निषाद पार्टी के जिला कार्यालय पर गोष्ठी और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के पटेल पार्क से हुआ, जहां समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। यहां महर्षि कश्यप एवं निषाद राज की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। जयकारों के बीच यात्रा पटेल पार्क से प्रारंभ होकर रेलवे रोड, चौक, घूमना, लालसराय, लाल दरवाजा होते हुए बढ़पुर मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा के समापन के बाद पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी में समाज के लोगों ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के बुजुर्गों को सम्मानित किया गया तथा भंडारे का भी आयोजन किया गया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही और विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष उनके संयोजन में किया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा की।
महर्षि कश्यप व निषाद राज जयंती पर भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत


