24.7 C
Lucknow
Sunday, April 5, 2026

मुठभेड़ के बाद भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 बदमाश गिरफ्तार

Must read

फिरोजाबाद। जनपद में पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना एका पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में भैंस चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि भैंस चोरी करने वाला एक सक्रिय गिरोह इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना के आधार पर थाना एका पुलिस और एसओजी ने घेराबंदी की, तभी बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही पकड़ लिए गए, जबकि अन्य चार को भी दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचे, कारतूस, नगदी, चोरी की गई भैंसें और एक मैक्स पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से जनपद और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और रात के समय पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कई सदस्यों पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस अब इनके नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यवाही की सराहना की है।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article