भारत की ओर बढ़ा एलपीजी टैंकर
नई दिल्लीl मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में कथित नाकाबंदी के बीच वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं गहराने लगी थीं। इसी बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां ओमान के क्षेत्रीय समुद्री सीमा के भीतर एक वैकल्पिक और सुरक्षित समुद्री मार्ग खोज लिया गया है। इस नए मार्ग के जरिए भारतीय मालवाहक जहाज सहित कुल चार बड़े पोत सफलतापूर्वक अपने गंतव्य की ओर बढ़ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, यह नया रास्ता ईरान के नियंत्रण वाले संवेदनशील होर्मुज जलमार्ग को दरकिनार करते हुए तैयार किया गया है। इस मार्ग का उपयोग कर जहाजों ने बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से समुद्री यात्रा पूरी की, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों और भारत जैसे ऊर्जा आयात करने वाले देशों को बड़ी राहत मिली है। विशेष रूप से भारत के लिए यह खबर इसलिए अहम है क्योंकि इसी रास्ते से एक एलपीजी टैंकर देश की ओर बढ़ रहा है, जिससे घरेलू गैस आपूर्ति पर संभावित असर को टाला जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैकल्पिक मार्ग की खोज से न केवल मौजूदा संकट के दौरान आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि भविष्य में भी ऐसे भू-राजनीतिक तनाव के समय एक सुरक्षित विकल्प के रूप में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। फिलहाल इस घटनाक्रम के बाद समुद्री व्यापार और ऊर्जा बाजार में थोड़ी स्थिरता लौटती नजर आ रही है, जिससे वैश्विक स्तर पर राहत की उम्मीद जगी है।


