रामपुर।गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शाहबाद-बिलारी रोड स्थित बड़ागांव चौराहे के पास उस समय हुआ, जब दिल्ली-सिरौली मार्ग की एक निजी बस से सामान उतारा जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे बस का हेल्पर रिजवान (32) और कुछ सवारियां बस से नीचे उतरकर सामान उतार रही थीं। इसी दौरान बिलारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही लोडिंग टाटा मैजिक ने अनियंत्रित होकर बस के पास खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में हेल्पर रिजवान और सवारी अरशद (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कासिम और विशाल को मामूली चोटें आईं। वहीं टाटा मैजिक चालक वसीम गंभीर रूप से घायल हो गया और वाहन में ही फंस गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रिजवान और अरशद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल चालक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग दिल्ली से बाइक का सामान लेकर लौट रहे थे और रास्ते में बड़ागांव चौराहे पर बस से सामान उतार रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है, वहीं प्रशासन ने भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की है।
टाटा मैजिक की टक्कर से हेल्पर समेत दो की मौत, तीन घायल


