PM CARES, इलेक्टोरल बॉन्ड और चंदे पर उठाए सवाल
लखनऊ।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फॉरेन कंट्रीब्यूशन से जुड़े प्रस्तावित बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि यह बिल विदेशी फंडिंग को “नियमित” करने के नाम पर लाया जा रहा है, जबकि इसके पीछे की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन खुद कई मामलों में जवाब देने से बचती रही है।
उन्होंने PM CARES Fund का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इस फंड में जो पैसा आया, उसका पूरा हिसाब कब सामने आएगा—क्या उसे लौटाया जाएगा या “गटक लिया जाएगा”?
इसी के साथ उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भी तीखा सवाल किया। उनका कहना था कि जब इलेक्टोरल बॉन्ड को अवैध माना गया है, तो इसके जरिए प्राप्त धन को वैध कैसे माना जा सकता है और भारतीय जनता पार्टी वह पैसा कब लौटाएगी।
अखिलेश यादव ने मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे के हिसाब-किताब को लेकर भी पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) पर नियंत्रण स्थापित करना चाहती है और उसी दिशा में यह बिल लाया जा रहा है।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बहस और तेज होने के आसार हैं।
फॉरेन कंट्रीब्यूशन बिल पर अखिलेश यादव का तीखा हमला


