नगर निगम को बड़ी सौगात, 110 वार्डों में शत-प्रतिशत कूड़ा संग्रहण का लक्ष्य
लखनऊ। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कूड़ा प्रबंधन को गति देने के लिए 250 ई-वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन ई-वाहनों के संचालन से शहर के सभी 110 वार्डों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम का उद्देश्य है कि कोई भी इलाका कूड़ा उठान से वंचित न रहे और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
इस पहल के तहत शहर में कुल 1150 वाहनों के जरिए कूड़ा संग्रहण किया जाएगा, जिससे पहले की तुलना में व्यवस्था अधिक प्रभावी और तेज होगी। साथ ही, इन ई-वाहनों के संचालन के लिए 13 अलग-अलग स्थानों पर 520 चार्जिंग प्वाइंट्स भी स्थापित किए गए हैं, जिससे निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस योजना को लखनऊ नगर निगम के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद मिलेगी, साथ ही आधुनिक तकनीक के जरिए नगर सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कूड़ा प्रबंधन को नई रफ्तार, 250 ई-वाहनों को सीएम ने दिखाई हरी झंडी


