फर्रुखाबाद।
जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव प्रेमनगर निवासी 28 वर्षीय युवक की एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर निवासी हरिपाल सिंह का पुत्र राजेश अपने साथियों के साथ मजदूरी करने के बाद घर वापस लौट रहा था। सभी लोग ईदगाह मार्ग की ओर से एक लकड़ी के चार पहिया ठेले पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे वेलकम गेस्ट हाउस के निकट पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे आलू से लदे ट्रैक्टर ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और राजेश सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में आलू लदा हुआ था, जो पास के ही एक गांव का बताया जा रहा है।
मृतक राजेश अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके असमय निधन से पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों के सिर से सहारा छिन गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता हरिपाल सिंह ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी मजदूर की जिंदगी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


