पटना
बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बिहारशरीफ स्थित मघड़ा के माता शीतला माता मंदिर में भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में नौ महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैत माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे थे। देखते ही देखते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान किसी अफवाह या धक्का-मुक्की के चलते अचानक भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ के अत्यधिक दबाव के कारण कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े और लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते चले गए, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और चीख-पुकार मच गई। जब तक लोग संभल पाते, तब तक कई लोग गंभीर रूप से कुचल चुके थे। बाद में जब भीड़ को नियंत्रित किया गया तो एक-एक कर शव बाहर निकाले गए। मृतकों में दयावंती देवी, मालो देवी, किरता देवी, रीता देवी, आशा देवी और रेखा देवी की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य तीन महिलाओं की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद काफी देर तक परिजन अपने अपनों को तलाशते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि इसी दिन द्रौपदी मुर्मु का नालंदा दौरा प्रस्तावित था, जिसके चलते प्रशासनिक अमला उनकी तैयारियों में व्यस्त था। इसी बीच इस हादसे ने प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।
घटना पर नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, जिसमें चार लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और दो लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भगदड़ किन परिस्थितियों में मची, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।


