एटा
अलीगंज क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। जसरथपुर थाना क्षेत्र के विजेदेपुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के समीप कांवड़ लेने कम्पिल गंगा घाट जा रहे बाइक सवार कांवड़िए अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरीं, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े।
हादसे में दो बाइकों पर सवार कुल छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक ही गांव महाराजपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और धार्मिक भावना के साथ कांवड़ यात्रा पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रैक्टर की लाइट बंद थी, जिससे सामने से आ रही बाइक सवार युवकों को वाहन दिखाई नहीं दिया और यह दुर्घटना हो गई।
सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अलीगंज में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार युवकों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दो घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायलों की पहचान नितेश (19) पुत्र अजय, आदित्य पुत्र अरविंद, पुनीत (18) पुत्र अवधेश, कन्हैया (14) पुत्र अवधेश, गौरव पुत्र राजेश और रजत पुत्र अवधेश निवासी महाराजपुर के रूप में हुई है। घायल पुनीत ने बताया कि वे सभी कम्पिल गंगा घाट जल भरने जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर की लाइट बंद होने के कारण यह हादसा हो गया।
वहीं, अलीगंज कोतवाली के एसएसआई जयवीर सिंह ने बताया कि विजेदेपुर गांव के पास पुलिया निर्माण कार्य के चलते सड़क पर अव्यवस्था बनी हुई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।


