संभल जिले के बहजोई कस्बा क्षेत्र में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में जैन समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालु भी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीदिगंबर जैन मंदिर, मौहल्ला गोलागंज में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुई।
मंदिर में भगवान महावीर का अभिषेक और धार्मिक पाठ संपन्न होने के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इसमें भगवान की सजी-धजी पालकी और विभिन्न आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेशों का प्रचार-प्रसार करते नजर आए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे मार्ग में धार्मिक नारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और सभी ने भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़ागवंशी, पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू, विकास वार्ष्णेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


