32 C
Lucknow
Monday, March 30, 2026

डिप्टी बैंक मैनेजर ने खुद को गोली मारकर दी जान, घर में मचा कोहराम

Must read

 

लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित आदिल नगर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद (34) का खून से लथपथ शव उनके घर की छत पर स्टोर रूम के बाहर मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने अवैध पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए पिस्टल को कब्जे में ले लिया।
मूल रूप से गोंडा जनपद के निवासी काजी अहमद जैद अपने परिवार के साथ आदिल नगर में रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी तैयबा, एक वर्षीय बेटी, मां मुसफिया खातून, बड़े भाई काजी अहमद अजीज, भाभी और भांजा शामिल हैं। वह लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित एक्सिस बैंक की भूतनाथ शाखा में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वह दो दिन पहले परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गोंडा गए थे और रविवार देर रात करीब 12:30 बजे वापस लौटे थे।
सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे पत्नी तैयबा की नींद खुली तो जैद कमरे में नहीं दिखे। पहले उन्होंने सोचा कि वह बैंक चले गए होंगे, लेकिन जब उनके दोनों मोबाइल फोन कमरे में ही रखे मिले और घर के बाहर गाड़ियां भी खड़ी दिखीं, तो चिंता बढ़ गई। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पत्नी उन्हें तलाशते हुए छत पर पहुंचीं। वहां स्टोर रूम के दरवाजे के पास जैद खून से लथपथ पड़े मिले, जिसे देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट, एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह और गुडंबा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि पुलिस ने मृतक के दोनों मोबाइल फोन जब्त कर जांच में शामिल कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article