फर्रुखाबाद। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘छात्रवृत्ति एवं राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ वितरण कार्यक्रम’ का जनपद में भी व्यापक प्रभाव देखने को मिला। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं एवं कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने इसे देखा।
प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाभार्थियों के खातों में धनराशि हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में जनपद फर्रुखाबाद में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 912 आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए, जबकि सभी वर्गों के कुल 51,564 छात्र-छात्राओं को लगभग 3883 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि उनके आधार सीडेड बैंक खातों में भेजी गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लाभान्वित छात्र-छात्राओं एवं पारिवारिक लाभ योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान कायमगंज की माननीय विधायक डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान कर लाभार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि सरकार की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे उन्हें शिक्षा जारी रखने में मदद मिलती है। साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को भी संबल प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता एक बार फिर दिखाई दी।


