अमरोहा
हसनपुर थाना क्षेत्र के पिपलौती कला गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक राजमिस्त्री की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पहचान मेहराज अली के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी पत्नी रूही ने अपने प्रेमी फरमान के साथ मिलकर धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पत्नी का रातभर शव के पास सोते रहना इस मामले को और भी सनसनीखेज बना रहा है।
घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब गांव के लोगों को मेहराज अली की हत्या की खबर मिली। मौके पर पहुंचने पर चारपाई के नीचे और आसपास खून फैला हुआ था तथा शव की स्थिति देखकर लोगों की रूह कांप उठी। हत्या की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गले के साथ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी वार किए गए थे।
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों की चर्चा के अनुसार, हत्या से पहले मेहराज अली को खाने या दूध में नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी पत्नी अपने दोनों छोटे बच्चों के साथ पूरी रात उसी कमरे में शव के पास ही सोती रही और सुबह ससुर के पहुंचने पर रोने का नाटक करती मिली।
मृतक के पिता मोमीन अहमद ने अपनी बहू रूही और उसके प्रेमी फरमान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर खून से सने जूतों के निशान भी मिले हैं, जिससे एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका मजबूत हो रही है।
बताया जा रहा है कि मेहराज अली परिवार का इकलौता बेटा था और बचपन में ही उसकी मां का निधन हो गया था। उसकी परवरिश उसकी चाची ने की थी। करीब छह साल पहले उसकी शादी रूही से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और रूही का प्रेम संबंध शादी से पहले से ही फरमान के साथ था, जो शादी के बाद भी जारी रहा।
इस नृशंस हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस घटना की तुलना पुराने बावनखेड़ी कांड से कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


