बहराइच
नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार हाड़ा बसहरी गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए खड्ड में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि पिकअप फखरपुर से शादी का सामान लेकर नेपाल जा रही थी और रात करीब 8 बजे जैसे ही हाड़ा बसहरी गांव के पास पहुंची, तभी यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान ग्राम जूड़ा निवासी मनीष कुमार (35), रुपईडीहा के गंगाभागड़ गांव निवासी बरसाती (45) और नई बस्ती गांव निवासी शिवा (12) के रूप में हुई है। तीनों आपस में रिश्तेदार थे और नानपारा क्षेत्र के जूड़ा गांव में रहकर सब्जी का कारोबार करते थे। वे बाबागंज के साप्ताहिक बाजार से सब्जी बेचकर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह और क्षेत्राधिकारी पवन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पिकअप चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रामचंद्र ने बताया कि बरसाती उनके बहनोई थे और सभी लोग मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां एक साथ छीन लीं।
इसी दौरान एक अन्य हादसे में कोतवाली नानपारा क्षेत्र के शिवपुर मोड़ पर रविवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।


