घटना से पीड़ित परिवार मे दहशत का माहौल। थाना अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठे सवाल
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के एक ग्राम में नाबालिग बालिकाओं से छेड़छाड़ का मामला अब कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बनकर उभरा है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के महज एक दिन बाद ही दबंगों ने पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ अपराधियों के बढ़ते हौसलों को उजागर किया है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान की प्रभावशीलता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला ने थाना राजेपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हमीरपुर सोमवंशी निवासी अरुण सिंह पुत्र गया सिंह पिछले करीब एक वर्ष से उसकी नाबालिग पुत्रियों का पीछा कर रहा था। वह आए दिन घर के आसपास मंडराता, रास्ते में अश्लील इशारे करता और अभद्र टिप्पणियां करता था। कई बार विरोध करने के बावजूद आरोपी की हरकतों में कोई कमी नहीं आई, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन इसके अगले ही दिन घटना ने नया मोड़ ले लिया, जब दबंगों ने घात लगाकर पीड़ित बच्चियों के पिता पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण तो कराया, लेकिन पीड़ित परिवार अब भी न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने से उनके हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा थाना स्तर पर भी फूट पड़ा है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्ती दिखाई जाती, तो आरोपी पक्ष इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने की हिम्मत नहीं करता। थाना अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान की जमीनी हकीकत इस घटना के बाद कटघरे में नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब शिकायत करने पर ही पीड़ितों को हमले और धमकियों का सामना करना पड़े, तो ऐसे अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल उठना लाजिमी है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा दी जाए, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और क्षेत्र में कानून का राज स्थापित किया जाए।


