मथुरा| जनपद में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब आगरा से नोएडा जा रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। घटना नौहझील थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 65 के पास करीब सुबह सवा 11 बजे हुई, जहां चलते-चलते बस से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में धुआं उठता देख चालक ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धू कर जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने यात्रियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


