24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

दुर्गा माता की भव्य शोभायात्रा, गाजे-बाजे के साथ हुआ नगर भ्रमण, ढाई घाट पर हुआ विसर्जन

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नवरात्रि पर्व के समापन अवसर पर शमशाबाद नगर में मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। कन्या भोज के आयोजन के उपरांत गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला दल मीर खा में मोहल्ले के गणमान्य लोगों के सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूरे नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा, जिसमें मोहल्ले के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भक्ति भाव से मां की आराधना की।
शनिवार को नवरात्रि के अंतिम दिन कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और उन्हें उपहार स्वरूप मुद्रिकाएं भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
इसके बाद मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा मोहल्ला दल मीर खा से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पूरे शहर में भ्रमण करती रही। यात्रा के दौरान भक्तों द्वारा “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
नगर भ्रमण के उपरांत यह शोभायात्रा गंगा रोड होते हुए ढाई घाट शमशाबाद पहुंची, जहां गणमान्य श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्तों ने भावुक मन से मां को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article