लखनऊ।ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए एक अहम परियोजना को मंजूरी मिल गई है। साउथ सिटी और रजनीखंड के बीच डबल लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी ) का निर्माण किया जाएगा, जिस पर करीब 157 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इस परियोजना को शासन से हरी झंडी मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर है। रायबरेली रोड पर लंबे समय से लगने वाले जाम और रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाली लंबी कतारों से अब जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।
इस ओवरब्रिज के निर्माण से खास तौर पर पीजीआई लखनऊ एरिया और तेलीबाग क्षेत्र के लोगों को बड़ा फायदा होगा। रोजाना हजारों की संख्या में आने-जाने वाले लोगों को अब घंटों जाम में फंसने की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रशासन का मानना है कि इस ओवरब्रिज के बनने से न केवल ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। आने वाले समय में यह परियोजना लखनऊ के इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
साउथ सिटी–रजनीखंड के बीच बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी राहत


